Friday, April 9, 2010

तुम जो अब `आप` हों


तुमः 1

तुम क्यों चले आते हो सच में,
तुम स्वप्न में ही अच्छे लगते हो,
कम से कम मेरा कहना तो मानते हो।


तुमः २

तुम्हे भूल जाना दिल पर पत्थर रखने जैसा था,
पर आज इस भरी दुपहरी सी
जिंदगी में उसी पत्थर के नीचे,
थोड़ी सी नमी बची है।
मैं अक्सर वहाँ थोड़ा जी लेता हूँ।

तुमः ३

यह सही है कि मैने दिल तोड़ा
तुम्हे तन्हा किया,
हर वो बात जो तुम्हे पसंद थी वो कहना छोड़ा
पर यह भी तो सच है ना कि जब हममें प्यार था,
तुम्हे उतना प्यार नहीं था जितना मुझे था।

Sunday, April 4, 2010

जिंदगी के प्रोजेक्टर में अटके




`और क्या..`‍ फिर मौन.. शब्द गले में अटके। उन भावों को गला स्वर भी नहीं दे पाता। चुप में सबकुछ था, जो शब्द में कहीं नहीं था। फिर जैसे शब्दों ने खुद को छुपाने की जंग शुरू की..खामोशी के उलट वे कहते रहे.. वो मत सुनना जो हम नहीं कहते...पूरे आठ मिनट यह जंग चलती रही। रिश्ता वहाँ तक आ पहुँचा जहाँ शब्द बेमानी है..आवाज सुनकर या खामोशी गिनकर बात होती है। यह वही स्वर थे जो पहले कहते थे..मुझसे बात न करना...। अपने वादे को तोड़ते वक्त कैसा लगता होगा उसका चेहरा..क्या करते होंगे उसके हाथ, वो बाल, वो आँखे, वो सबकुछ जो उसके पास है। कैसे दिखते होंगे। कैसे कोई इतना बेकरार होता होगा, मजबूर होकर वो करता है जो वो बिलकुल नहीं चाहता। क्या यह प्यार है?...वो स्वीकार नहीं करता..संस्कार और दुनियादारी के बंधन करने भी नहीं देंगे। पर एक सच है जो दोनों की आँखों में हैं। जैसे एक नदी है सारे पत्थर उसे रोकते हैं, पेड़ उसे बाँधते हैं, हर चीज विरोध करती है, लेकिन वो मिलती उसी सागर में जाकर जहाँ उसका वजूद खोना है, जहाँ उसका `मैं` खत्म होना है। और सागर..उसका अपना क्या है..नदियाँ ही तो है, जो उसे बनाए है...उसके पास सिर्फ अंतहीन इंतजार है..किसी के आने का, विलीन होने का। दोनों के शाश्वत सत्य है। दोनों की कोशिश खुद को खत्म करने की, लेकिन दोनों लगे हैं अपनी पहचान बनाने में। खर्च करते हैं खुद को। काफी दिनों तक चलता है यह प्रयास। फिर एक दिन लगता है दुनिया एक भ्रम है, हम इसमें हैं ही नहीं, एक मायाजाल, एक जादू है। सांसे घुटने लगती है...जिंदा रहने के लिए हम दौड़ पड़ते हैं। अपने सच की तरफ..बस इसी दौड़ में टूट जाते हैं सारे बंधन..हमारे अपने वादे..संस्कार, दुनियादारी, सारे तर्क। और बात करते है...फिर बात करते वक्त ही याद आने लगती है वही दुनिया...फिर शब्द खामोशी का नकाब ओढ़ते हैं..हम कुछ नहीं कहते बस एक दूसरे को समझते हैं। इसी यायावरी में जिंदगी कट रही है, इसी दौड़ में किसी रोज फना हो जाएगे..और जिंदगी की फिल्म दिखा रहा प्रोजेक्टर का चक्का खाली घुमने लगेगा हमारी सारी फिल्म लपेट कर। क्या जब चैन मिलेगा..?

Sunday, March 28, 2010

नींद की देहरी पर ख्वाब


दर्द कब होने लगे पता रहता है..पता रहे तो दर्द कौन होने दे। इसी तरह ख्वाब है कब आ जाए किसके आ जाए। सुबह-सुबह के इस ख्नाब की तामीर क्या होगी? बस इंतजार है। उठने को ही था कि नींद में लगा मेरे अखबार का दफ्तर है। सभी काम कर रहे हैं। इसमें कुछ ऐसे भी लोग है जो आज मेरे साथ है पर दफ्तर में कभी नहीं थे। सीट को लेकर झगड़ा। पीछे लड़कियों के पास बैठने का इरादा पर लोगों की चुभती नजरों का डर..तभी कोई वहाँ जाकर बैठा..फिर हल्ला मुझमें स्वभावगत इर्ष्या का भाव। बिखरी टेबल..सभवतः बरसात के दिन। तभी कोई पीले सूट में जिस पर काली बेलों वाली दूर-दूर डिजाइन। मेरे एकदम पास आकर खड़ी हुई इकहरी सी वो..। गर्दन घुमाने पर दिखाई दी, मन ने पहचाना पर फिर काम में लग गया। फिर पीठ घुमा के देखा। पतले से चेहरे पर बड़ी सी मुस्कान। चेहरे पर उगी दो आँखें..जिनमें कोई न देख ले का डर और मुझे खुश कर देने की खुशी एक साथ थी। मुझे लगा स्वप्न है। वो कहाँ इतनी दूर आ सकता है। वो जिसे कुछ याद नहीं। याद भी हो तो जो भूलने की कोशिश में लगा रहता है हरदम। वो यहाँ नहीं हो सकता। लेकिन मुझमें आते कंपन बता रहे थे कि यह सच है। मैने पूछा क्या तुम ही आई हो। उकताहट भरा जवाब - ‍सच है मैं ही हूँ..अब चलो बाहर। दफ्तर की घचापच में असहज होती वो बाहर निकल गई। मैं हवला-बावला जैसे उसके हर निमंत्रण, हर फोन, हर मुलाकात पर होता हूँ, उतना ही अनिंयंत्रित। बारिश से बचने के लिए कोट पहन लूँ। मैने सोचा क्योंकि हर बार की तरह शर्ट खराब लग रही थी। सारे पेन बिखरे कागज उड़ने को हुए। लगा भूचाल है। सब कुछ जल्द करने का ख्याल उसके बाहर अकेले इंतजार करने का गम या उससे मुलाकात के एक पल खो जाने का डर यकीन से नहीं कह सकता क्या भारी था उस पल। जोर जबर्दस्ती मैं शर्टिंग करने में सदा की तरह पेंट का पिछला हुक नहीं लगा..चेन आधी उतरी और शर्ट झांकने लगा..झुंझलाकर वैसे सब छोड़कर बाहर भागा। लगता है अभी बारिश हुई है। उसके चेहरे पर वही भाव कि वह प्रेमवश नहीं आई है, वह मजबूरी में मिलने नहीं आई है, वह तुम पर उपकार करने भी नहीं आई है। यह अलग बात है कि यही सब सच था। चेहरे बस यह कि बस यूँ ही आ गई। मैने हाथ में हाथ लिया, कुछ कठोर था..पहले की नर्म नहीं था। नीचे सफेज पायजामा (पता नहीं उसे क्या कहते हैं), पीठ पर लंबी चोटी, लहराते हुए चलना, सामने देखना और बात मुझसे करने वाल कातिल अंदाज। कोशिश करना की आँखे ना मिल पाए क्योंकि मिल गई तो उसका नाटक खत्म होने लगता है। धीरे से आगे बढ़ते मैंने कहा-यही तरीका है..कुछ दिन बात न करों तो तुम खुद ही आ जाते हो..तुम्हे झुकाने का बरसों से यही तरीका है..है ना? वह इसे अनसुना कर के बोली-मुझे भुख लगी है, कुछ खिलाओ। मैने शरारत कर कहा- नानवेज चलेगा..वो बोली खलिश के साथ हाँ और थोड़ी सी पीना भी है। इस बिल्डिंग के पार है एक दुकान , वो इमारतें देखती जा रही है..लगता है हम किसी कालेज के परिसर में हैं। ऊँची ऊँची लाल इमारतें। बाथरूम के पास से शार्टकट जाता है। हम घुसे मैने एकांत देखकर उसके कान पर चूम लिया। उसका प्रतिकार प्रतीकात्मक था..पर कोई प्रत्युतर भी नहीं था। आगे बढ़ते बढ़ते रास्ते भूलने लगे..गंदगी थी चारों तरफ आगे सब बंद बंद था। लगा कोई हमारे पीछ है..हम दीवारों पर चढ़े यहाँ गए वहाँ गए पर सब कुछ गड्डमड्ड। उसकी आँखों में मुझे खोने का गम, पीड़ा..सब कुछ खाली खाली सा पता नहीं क्या हुआ...और एक झटके से नींद टूट गई। क्या तुम मुझे स्वप्न में भी इसी तरह मिलोगी..क्या हम अपनी बात कभी पूरी कर पाएँगे...क्या एक बात जो मैं कहना चाहता हूँ और तुम सुनना वो कभी किसी जन्म मे नहीं कही जा सकेगी। शायद यह शाश्वत सत्य है हमारे प्रेम की तरह..।

Monday, August 24, 2009

ख्वाबों का इंतजार

इंतजार यदि उसका होता तो उसके आने पर खत्म हो जाता। लेकिन यह इंतजार तो उसमें अपने लिए प्यार आने का है। कितना त्रासद है..वो सामने हो लेकिन वैसा नहीं जैसा हम चाहते हैं, वो मिलता रहे लेकिन मुलाकात न हो। तमाम तर्कों के बावजूद दिल में एक बात आती है.. क्यों नहीं मिल जाए वो वैसे जैसे पहले मिलती थी या ख्वाबों में मिलती है। नहीं तो यह सिलसिला ठीक से खत्म हो जाए..कहीं तो पहुँचा..ऐ समय मुझे ऐसे नहीं रहना तेरे साथ। हम कई बार सब कुछ जानते हुए ऐसी कल्पनाएँ करते हैं, जो सिर्फ हम ही जानते है कि संभव नहीं है। क्या है आखिर यह? क्या दिल में ख्वाहिश नहीं होती कि किसी दिन वो शख्स, जो हमें बेहद प्यारा है, सारे तर्कों की दिवार गिरा हमसे मिल जाए, एक बात जो हमारे जहन में सदियों से है, वही बात वो हमसे कह दे...कोई आए हमें इन नैतिक, सामाजिक, संस्कारों के अदृश्य पिंजरों से निकालकर दूर आसमान में कहीं ले जाकर कहे कि कर ले तेरे सारे स्वप्न पूरे .......। यह कल्पनाएँ बलवती होती जाती है क्योंकि अक्सर लगता है कि अब बस खत्म हो रहा है इंतजार। जिसके लिए यह सब संजोया था वो अक्सर ही तो मिलता है। कभी हकीकत में कभी यूँ ही जहन में.. हर बार उससे हम कहते है, पर वो बहाने बनाते हुए कहता है कि अभी यह संभव नहीं है..और हम फिर इंतजार करते है, उसमें वही भाव आने को जो हमें अजीज है। हमें यह इंतजार अच्छा भी तो लगता है, भले ही सदियों तक केवल इंतजार रहे, क्योंकि हमारे जीने का बहाना भी तो यही है। और इन्ही अपूर्ण ख्वाबों का नाम शायद जिंदगी हो.

Thursday, July 30, 2009

आज फिर दिल को ...


इस समय कैसे प्रतिक्रिया दूँ, मैं क्या चाहता हूँ, मैं क्यों उदास हूँ, इसलिए की वे अब फिर साथ रहेंगे या इसलिए की उसे नई तकलीफें होगी, उसे अपने घरवालों ने एक तरह से निकाल दिया, उसे सामान भी नहीं दे रहे हैं। उसने मुझसे घर खोजने को कहा, मैने प्रयास किया, लेकिन मेरे बताने से पूर्व ही उन्हें मिल गया। एक गम तो शायद यह है कि मैं सहायता नहीं कर पाया, या उसने घर मिलते ही मुझे खबर नहीं दी। यह कोई नई बात नहीं है। पर लगता है मेरी जगह आने वाले दिनों में कम होती जाएगी। मैं चाहता हूँ वो एक बार टूट कर आए और मुझे मिल जाए। जितना में तड़पता हूँ, उसे भी हो।लेकिन जमाने भर की परेशानियाँ उठाते- उठाते, उसमें मैं जाने कहाँ गुम हो चुका हूँ। कोई गालियाँ देकर छोड़ दे तो गम नहीं, पर इस तरह खत्म होना तो बड़ा त्रासदायक है। मुझे जल्द ही यहाँ से जाना है, लेकिन क्या उसे मैं भूल सकता हूँ..नहीं। ऐसे में उसे और तकलीफ भी नहीं देना चाहता। पर मेरे अंदर कुछ है, जो बार-बार सोचता है कि वो इन सब से निकलकर मेरे पास आए। आखिर क्यों इतने तार्किक कारण होने के बावजूद मैं यह सब चाहता हूँ। मुझे इस बात का भरोसा है कि कुछ टूटा नहीं है। वहाँ कुछ तो शेष है, जो उसकी भाषा, उसके लहजे और उसके स्वर में सुनाई देता है, वो मंदिर की घंटियों जैसी शांति देती है। मुझसे वो काफी देऱ तक अपनी भड़ास उड़ेलती रहती है। मैं सुनता रहता हूँ, पर मैं चाहता हूँ कि कभी वो यह भी कहे कि मुझे भी वह याद करती है।
कई बार लगता है, उसकी मजबूरियाँ उसकी भावनाओं को शब्द नहीं देने देती। इतनी गहराई से जानने के कारण मैं एकदम उसे छोड़ नहीं सकता। चाहता हूँ बाहर जाकर उसे भूल जाउँ। या अपने पर काबू रखते हुए उससे व्यवहार करूँ, पर यह तभी संभव है, जब मेरे पास कोई हो। उतना ही शक्तिशाली, उतना ही लुभावना। आने वाले समय में सब होगा, लेकिन आज मैं क्या करूँ। मैने अपनी भावनाओं के प्रगटीकरण को स्थगित करना ही उचित समझा है। बस चुपचाप रहूँ, देखूँ, सहूँ। मैं खुश हूँ कि उसे कहीं तो ठौर मिला, पर चिंतित हूँ, कोई कितनी समस्याओं से जूझेगा। उसके जीवन में स्थिरता कब आएगी। मैं बस चाहता हूँ वो ठीक रहे, शायद इसीलिए मैं बार-बार उसके हाल जानता हूँ और फिर आसक्ति शुरू होती है। मुझे यह सब अच्छा लगता है आखिरकार आज केवल उसे देखकर, बातकरके ही तो मुझे सकून मिलता है। यह मेरी मजबूरी है, आसक्ति है या प्यार मैं नहीं जानता, लेकिन मेरी खुशी और गम पर उसका इख्तियार है, इसे मानने में एक फीसद भी संदेह नहीं है। तो फिर रहूँ मैं यू हीं भीगा-भीगा सा, कतरा-कतरा जलता सा....

Saturday, May 30, 2009

उसने कहा था


उसने कहा मुझे दो-तीन दिन से एक बात कहना थी। एक योजना है आज से चालीस-पचास साल बाद जब तुम्हारी वो गुजर जाए और मेरे यह भी मान लो नहीं रहे, तो हम साथ रह लेंगें? जब हमें कोई रोकेगा भी नहीं, मेरे बच्चे के भी बच्चे हों चुके होंगे और तुम्हारे बच्चे भी सेटल हो जाएँगे। कैसा रहेगा बताओ? मैं अत्यंत खुश और बोला चलो कम से कम अंत तो भला होगा। पर मैं उस वक्त कर क्या पाउँगा। उसने कहा करना तो तुम्हे कुछ भी नहीं हैं, बस साथ-साथ मरेंगे। कम से कम अकेले रहे हैं तो साथ-साथ मर तो लें। मैने कहा तुम अभी अपने उसको मत मार देना खैर मेरी तो अभी कोई है ही नहीं। नहीं-नहीं हम पूरी कोशिश करेंगे उन्हें बचाने की पर मान लो हुआ ही तो क्या साथ रहोगे? मैं आखिर जीवन में दूसरी बार उस विवाह प्रस्ताव को कैसे इंकार करता। वही खनकदार हँसी आई उसे अपने ही इस सोचे पर। मैं भी सोचता रहा एक भरे पूरे परिवार के साथ रहने और सबकुछ बढ़िया होने के बावजूद मेरे साथ पाने के लिए उनके गुजरने जाने की कल्पना कैसे की होगी। यह कहते हुए वो कैसी दिख रही होगी, क्या वैसे ही जब उसने उन सूखते हुए कपड़ों पर सिर रखते हुए कहा था- कर लो जो करना है....क्या वहीं लालिमा होगी? खैर फोन पर बात थी खत्म हो गई। मुझे भरोसा नहीं होता आए दिन मुझे अपनी शादी का वास्ता देकर रोक देने वाली अचानक यह सोचे। क्या प्यार खत्म नहीं होता। हमारे यह जानने के बाद भी की सबकुछ गलत है, फिर भी कोई तीसरी शक्ति हमारे संस्कार, नैतिकता, बुद्धी को खत्म कर देती है। क्या हम कुछ भी सोच नहीं पाते और स्वतः वह बोले जाते हैं जो चाहते हैं। दिनभर यह सोचते सोचते रात हो गई लगता मेरी गलती है, जो किसी को छोड़ नहीं पाया. पर कैसा छोड़ा जा सकता था क्या साँस लेना छोड़ देते।......कभी कभी लगता है आप कुछ सोचने में भी कोई हल नहीं निकाल सकते ...हम इस तरह की चीजों को वक्त पर छोड़ देते हैं, हो जाए जो होना है।

  || ख्यालों में यादें || होंगे कोई और जो ज़ुल्फ़ों को घटा कहते , हम तो इनको ज़ंजीर-ए-वफ़ा ही कहते। बावफ़ा होते , जज़्बातों को भी समझते ,...